देवरिया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि बुआ और भतीजे ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया। पीएम नरेंद्र मोदी को बेहतर शासक करार दिया। सरकार बनने पर नौकरियों से इंटरव्यू समाप्त कर दिया जाएगा। जाति-धर्म पूछे बगैर लैपटॉप मिलेगा।
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज परिसर में गुुरुवार को चुनावी जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। आठ मिनट के संक्षिप्त भाषण में अखिलेश सरकार की विफलताओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों ने प्रदेश को गड्ढे में ढकेल दिया है। सीएम अखिलेश यादव कहते हैं काम बोलता है... संवाद शैली में भाषण के दौरान युवाओं से पूछा, रोजगार मिलता हैं, महिलाओं की सुरक्षा है, आपको 24 घंटे बिजली मिलती है, युवाओं ने ना में जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि 15 सालों में भाजपा शासित राज्य कहां पहुंच गए हैं। उत्तर प्रदेश आज कहां है आप खुद तुलना कर सकते हैं। उन्होंने
राहुल गांधी के बयान की आलोचना की। कहा कि वह पूछते हैं मोदी जी ने ढाई साल में क्या दिया है, बोलने वाला पीएम दिया है। आपने 10 साल में नहीं बोलने वाला पीएम दिया था। सरकार के नुमाइंदों पर अब तक एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद अध्यादेश लाकर प्रदेश के कत्लखानों को बंद करा दिया जाएगा।