पत्नी और साढूृ पर हत्या का केस दर्ज
पहली पत्नी के बेटे आदित्य की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
केस दर्ज करने में लापरवाही पर एसओ तलब, एसपी ने लगाई फटकार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/गौरीबाजार। जयराम यादव हत्याकांड में बुधवार को पुलिस ने दूसरी पत्नी और साढ़ू के खिलाफ हत्या के साथ साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज किया है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है, साढ़ू फरार है। इस मामले में केस दर्ज करने में देरी पर एसपी ने एसओ को तलब करते हुए फटकार लगाई थी। इसके बाद आनन-फानन में केस दर्ज किया गया।
गौरीबाजार के टेंगरगढ़ी गांव निवासी जयराम यादव 42 का शव सोमवार की सुबह करमाजीतपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली से जयराम के मौत की पुष्टि हुई। मंगलवार को पहली पत्नी के इकलौते बेटे आदित्य ने सौतेली मां और उनके बहनोई रुद्रपुर के रामलक्षन निवासी रामेश्वर यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। हत्या के पीछे रुपये के हिसाब-किताब को लेकर पिता की टोकाटाकी को कारण बताया था। रुपये के हिसाब को लेकर दोनों के बीच बराबर विवाद होता रहता था। आरोप है कि सौतेली मां ने अपने बहनोई के साथ मिलकर साजिश के तहत पिता की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दी। तहरीर के बाद भी जब एसओ विनय सिंह ने केस दर्ज नहीं किया तो एसपी ने उन्हें बुधवार की को तलब किया था। मामले की जानकारी लेने के बाद उन्हें जमकर फटकार लगाई। केस दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए। इस मामले में बिंदू देवी और रामेश्वर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बिंदू को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। उसकी कॉल डिटेल खंगाल रही है। इस बाबत सीओ रुद्रपुर दिनेश सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम में गोली मारने की पुष्टि हुई है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।