खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बैदौली गांव में शनिवार की भोर में एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के साले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
मृतक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार के सामने दो जून की रोटी का संकट छा जाएगा। खुखुंदू क्षेत्र के बैदौली गांव निवासी भृगु राशन गोड़ के दो बेटों में नंदलाल गोड़ छोटा था। वह ठेले पर चाट-फुल्की बेचता था। शनिवार को भोर में घर पर ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि घटना की सूचना पुलिस को सुबह करीब नौ बजे मिली। पुलिस का कहना है कि मृतक नंदलाल माता-पिता और भाई से अलग रहता था। दो माह पहले पत्नी सालू से उसका विवाद हो गया।
इसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। घटना के बाद पहुंची पत्नी सालू और दोनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि नंदलाल ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद अब पत्नी और बच्चों के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
थानेदार दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।