- केंद्राें के बाहर भीड़ और अभिभावकों के मौजूद रहने से व्यवस्था हुई प्रभावित..
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देकर केंद्रों से निकले अभ्यर्थियों को शनिवार को जाम ने जगह-जगह परेशान किया। केंद्रों के बाहर यातायात व्यवस्था पूरी तरह असफल दिखी। अभिभावकों व उनके साथ आए लोगों की वजह से काफी भीड़ रही और इसे व्यवस्थित करने में जिम्मेदारों के भी पसीने छूट गए।
शहर के कोतवाली रोड स्थित जीआईसी सेंटर पर 600 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। दोपहर 12 बजे ही गेट पर बड़ी संख्या में लोगों व वाहन चालकों के मौजूद रहने से कोतवाली रोड करीब एक घंटे तक पूरी तरह जाम के हवाले रहा। न तो इधर आ पा रहे थे, और न ही जा पा रहे थे। एक घंटे के इंतजार के बाद संचालन व्यवस्था कुछ सुधरी तो लोग आगे बढ़े। कोतवाली रोड, सिविल लाइन, जलकल रोड, मालवीय रोड, गोरखपुर रोड पर जगह-जगह जाम का असर दिखा।
टीएसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि केद्रों के आसपास ही परीक्षा छूटने के बाद कुछ देर तक जाम रहा। इसे कुछ ही देर बाद दुरुस्त कर लिया गया। जाम न लगे, इसके लिए रविवार को बेहतर बंदोबस्त किया जाएगा।
रोडवेज परिसर में अभ्यर्थी करते रहे बसों का इंतजार, देर से मिलीं
दोपहर एक बजे देवरिया डिपो। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी सलेमपुर, बरहज, भाटपाररानी, मैरवा आदि जगहों को जाने के लिए परेशान रहे। एक बस आती, तब सब उसी ओर दौड़ पड़ रहे थे। किसी तरह अभ्यर्थिेंयों को बसों में जगह मिली। धक्का-मुक्की करते हुए उन्होंने अंदर स्थान बनाया। अधिकांश को केवल खड़े होकर यात्रा पूरी करनी पड़ी। यात्रियों की भीड़ के आगे रोडवेज के इंतजाम कम पड़ गए।
ट्रेनों में गेट पर जूझकर अंदर गईं परीक्षार्थी
देवरिया। दोपहर 1:45 बजे देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर बाघ एक्सप्रेस प्लेटफाॅर्म संख्या-तीन पर पहुंची। एक घंटे से ट्रेन का इंतजार कर रहे परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी बोगी के अंदर प्रवेश करने के लिए धक्का-मुक्की करते नजर आए। एक ही गेट पर युवक- युवतियों की भीड़ लगी थी। तो ट्रेन में घुसने में युवतियां भी पीछे नहीं रहीं। कई युवतियों ने युवाओं को पीछे धकेलकर अंदर प्रवेश किया और खड़े होकर यात्रा की, क्योंकि उन्हें समय पर घर जाना था।
जनरल बोगी हो या एसी, सभी में चढ़ने के लिए जद्दोजहद रही। ऐसे में जिन यात्रियों की सीटें कन्फर्म थी, भीड़ के आगे उन्हें सीट भी नहीं मिली।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आस मोहम्मद ने बताया कि भीड़ को देखते हुए सदर रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्था न हो, इसके लिए जवानों को निर्धारित जगहों पर लगाया गया था।
स्पीकअप
रोडवेज परिसर में यात्री अधिक और बसें कम दिखीं। परीक्षा छूटने के बाद यहां आए तो यह नजारा दिखा। एक घंटे तक इंतजार के बाद बस आईं।
....सुरभि गुप्ता
-
प्रथम पाली की परीक्षा छूटने के बाद बस अड्डा पर आए तो सलेमपुर जाने वाली बसें की गायब दिखीं। आधे घंटे के इंतजार के बाद बस आई। जिम्मेदारों को पहले से व्यवस्था करनी चाहिए थी।
-संजय यादव
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए बसों को रिजर्व रखा गया था। भीड़ बढ़ने से अभ्यर्थियों व यात्रियों को कुछ इंतजार करना पड़ा। हालांकि कुछ देर बाद ही बसों का इंतजाम कर दिया गया। खुद ही परिसर में खड़ा होकर इसकी मानिटरिंग भी करते रहे।
-मो.इरफान, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक