देवरिया। सदर कोतवाली पुलिस ने लार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक विवाहिता की तहरीर पर दहेज के लिए उत्पीड़न और मारपीट कर जबरन गर्भपात कराने की कोशिश के मामले में उसके पति, सास-ससुर, ननद समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि दहेज में बुलेट और दो लाख रुपये नहीं देने पर उसके ससुराल वालों ने उत्पीड़न के साथ अक्सर जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 17 फरवरी 2023 को लार थाना क्षेत्र के पांडेयपार गांव निवासी संदीप तिवारी से हुआ था और 18 फरवरी को वह ससुराल गई। शादी के एक माह बाद से ही पति, सास, ससुर और ननद द्वारा दहेज कम लाने और बुलेट मोटरसाइकिल न देने को लेकर ताने दिए जाने लगे।
आरोप है कि पति शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था। गर्भावस्था के दौरान सास और ननद ने गर्भ में ही बच्चे को नष्ट करने के लिए दवा देने की कोशिश की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि पति और ससुर ने उसे मारपीट कर सलेमपुर बस स्टेशन पर छोड़ दिया, जिसके बाद वह मायके आ गई और 21 नवंबर 2024 को पुत्र को जन्म दिया।
पंचायत के बाद वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई। 21 अप्रैल 2025 को चाय देर से देने पर सभी ने मिलकर मारपीट की और जलाकर मारने का प्रयास किया, तब उसने 1090 पर कॉल कर पुलिस बुलाई। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद फिर धमकियां दी गईं और दो लाख रुपये व बुलेट की मांग की गई। 24 अक्टूबर 2025 को उसे बस स्टेशन पर छोड़कर जेवर छीन लिया गया।
मामला को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शनिवार की देर रात विवाहिता के पति संदीप तिवारी, सास आशा देवी, ससुर संजय तिवारी, ननद नेहा, चचिया ससुर अरूण तिवारी व चचिया सास चंचल तिवारी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों की तलाश की जा रही है।ज