देवरिया। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत रबी विपणन वर्ष 2024-25 में गेहूं खरीद की शुरुआत 15 मार्च से जाएगी।
शासन ने गेहूं के समर्थन मूल्य पर 150 रुपये की वृद्धि करते हुए इस वर्ष समर्थन मूल्य को 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों को गेहूं के कम दाम का उचित मूल्य दिलाने और किसानों की खुशहाली के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुलभ आनंद ने बताया कि किसानों को खरीद के बाद 72 घंटे के अंदर ही गेहूं का मूल्य उनके आधार से लिंक खाते में उपलब्ध करा दिया जाएगा। गेहूं खरीद के लिए किसानों को fcs.up.data.gov.in पर पंजीकरण कराना जरूरी होगा।
यह पंजीकरण किसी भी जनसुविधा केंद्र व क्रय केंद्र प्रभारियों से संपर्क कर कराया जा सकता है। जिले में गेहूं खरीद की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी की ओर से क्रय केंद्रों का अनुमोदन कराया गया है।