-दो दोस्तों के खिलफ केस दर्ज कर किया गया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के हरैया गांव में एक युवक की हत्या उसके दो दोस्तों ने कर दी। पहले उसे शराब पिलाई, फिर नाव पर चढ़ाकर नदी में धकेल दिया। इस वारदात की चर्चा इलाके में खूब हो रही है। आम से खास तक हर कोई कह रहा है, कि यह कैसी दोस्ती! जिसमें दोस्तों ने ले ली दोस्त की जान। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दो दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है।
हरैया गांव के राजकुमार सिंह, विकास व तरकुलवा के संदीप जिगरी दोस्त थे। मंगलवार को तीनों एक बाइक से तरकुलवा के लिए निकले। देर रात तक राजकुमार घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने पूरी रात उसे ढूंढ़ा, लेकिन वह नहीं मिला। अगले दिन परिजनों ने इसकी सूचना थाने में दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। परिजनों ने विकास और संदीप से भी पूछताछ की, लेकिन जानकारी न होने की बात कही। इस बीच एक युवक के सोन्हुला रामनगर छोटी गंडक नदी में डूबने की सूचना मिली। परिजन नदी घाट पर पहुंचे, वहां आसपास के लोगों ने पूछताछ की। लोगों ने तीन युवकों के नदी घाट पर साथ पहुंचने और उनमें से एक के डूबने की सूचना दी गई।
शक गहरा हुआ, परिजन दुबारा दोनों से पूछताछ की, फिर दोनों ने जानकारी नहीं होना कह दिया। बात थाने में पहुंची, नदी में डूबे युवक के पिता ने दोनों दोस्तों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। कुछ बातें सामने आ गईं। पुलिस दोनों को लेकर नदी घाट पर पहुंची, वहां के चरवाहों ने डूबे युवक के साथ दोनों के होने की बात बताई। पांचवें दिन शव रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हरपुर गांव के समीप मिला। पुलिस ने दोनों आरोपी विकास और संदीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।