हृदय विदारक घटना से गांव में मातम, आला अफसर और अन्य लोग मौके पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। छोटी गंडक नदी में रतनपुरा घाट गर्मी से निजात पाने के लिए मां-बेटे और अन्य गए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी जिंदगी पल भर की है। कुछ ही क्षण में पांच की जिंदगियां नदी में समा जाएंगी। घटना के बाद जिले के आला अफसर और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इस हृदय विदारक घटना से गांव ही नहीं जवार में मातम फैला रहा।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव के पास बहने वाली जीवनरक्षक छोटी गंडक नदी बुधवार को जीवनभक्षक के रूप में दिखी। भीषण गर्मी से राहत के लिए नहाने गए सात लोगों में से पांच लोगों की जीवन लीला को नदी ने पल भर में समाप्त कर दिया। इसमें पचरुखिया गांव के शहाबुद्दीन की पत्नी शकीना और बेटे टिंकू, अजरुदीन की पत्नी आशियां और बेटे दिलशान सहित रिश्तेदारी में रामपुर अवस्थी गांव के आशियां पुत्र महमूद शामिल रहे, जबकि सुकरौली के अयान और पचरुखिया की पलक की हालत गंभीर बनी हुई है। एक साथ पांच मौतों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पचरुखिया गांव में दो परिवारों में मां और उनके मासूम बेटों की मौत से समूचे गांव में मातम छाया हुआ है।
-
एक दिलशान को बचाने में पांच की हो गई मौत
देवरिया। नदी में सभी एक साथ स्नान कर रहे थे, लेकिन इसी बीच दिलशान गहरे पानी में चला गया और चिल्लाने लगा मम्मी-मम्मी मुझे बचा लो। यह देेख उसकी मां बचाने पहुंची, इसी चक्कर में वह भी गहरे पानी में डूबने लगी। उसे देख अन्य तीनों भी लपके और डूबने लगे। पलक और आयन चिल्लाने लगे तो पशु चरा रहे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह स्थानीय नाविकों व ग्रामीणों ने सभी बाहर तो निकाला, लेकिन पांच की जिंदगी नहीं बचा पाए।
-
इमरजेंसी पर मची चीख-पुकार
देवरिया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी पर जब सभी को लाया गया तो अफरा-तफरी गई। एक के बाद एक को डॉक्टर मृत घोषित करते गए। मौके पर पहुंचेे परिजनों का रो-रोकर बुरा हो गया था। मौजूद लोगों को जब पता चला कि नदी में डूबने से एक ही गांव के पांच लोगों की मौत हो गई तो सभी की आंखें नम हो गईं। देर रात तक पोस्टमार्टम हाउस और इमरजेंसी पर आने-जाने वालों का तांता लगा रहा।