सप्ताहिक बंदी को लेकर रुद्रपुर के व्यापार मंडल में आम सहमति नही बन पा रही है। यहां व्यापार मंडल के दो संगठनों के बीच बंदी को लेकर मतभेद देखा गया। शनिवार को एक संगठन बंदी कराने का ऐलान किया तो दूसरे संगठन के लोग इसके विरोध पर उतर गए। रुद्रप़ुर में व्यापारियों के बीच जिला उद्योग व्यापार मंडल और उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नाम से दो संगठन काम करते है। जिलाधिकारी की ओर से नगर में शनिवार को सप्ताहिक बंदी की घोषणा की गई है। इस आदेश का नगर पंचायत और तहसील प्रशासन को कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने लाउडस्पीकर से शनिवार को सप्ताहिक बंदी के दिन दुकाने बंद करने का प्रसारण करवाया। उन्होंने नगर में खुली दुकानों को बंद करने की अपील की। वहीं दूसरे संगठन ने इस अपील को खारिज कर दिया। दूसरे संगठन उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमापति शुक्ल ने कहा कि व्यापारी शनिवार को दुकान बंद करने के लिए बाध्य नहीं है क्योंकि डीएम की ओर से ऐसा आदेश नहीं दिया गया है। बंदी को लेकर मतभेद उपजने के बाद नगर में दोपहर बाद आधी से अधिक दुकानें खुल गई। सप्ताहिक बंदी रुद्रपुर में कई वर्षों से फ्लॉप रही है। इसे कड़ाई से लागू कराने के लिए नगर पंचायत और प्रशासन मिलकर काम करेगा।