चुनाव कराने के लिए 2514 पोलिंग बूथ बनाए गए, 50 प्रतशित पर वेबकास्टिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए सभी बूथों पर तैयारियां व्यवस्थित की जा रही हैं। क्रिटिकल और वेनरेवल चिह्नित बूथों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। यहां मतदान शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक कैमरों की नजर रहेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अफसर यहां मतदान बूथों पर हर समय नजर रहेंगे। इन बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था शुरू हो गई है। जिले में 1322 पोलिंग बूथ पर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वेबकास्टिंग के लिए कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से निगरानी को जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
देवरिया जिले के सात विधानसभा में लोकसभा क्षेत्र में चुनाव कराने के लिए 2514 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रभारी अधिकारी नामित कर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सभी बूथों पर मतदान शांतिपूर्वक कराने के लिए मतदान बूथों का सत्यापन किया गया। आयोग के निर्देश पर पदाधिकारियों की सत्यापन रिपोर्ट के बाद मतदान बूथों की कैटेगरी निर्धारित की गई। जिले में 1322 बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जा रही है। जिन बूथों पर वेबकास्टिंग होनी है, वे ऐसे बूथ हैं जहां जनप्रतिनिधियों के बूथ शामिल हैं।
इसके अलावा पिछले चुनावों में जिन बूथों पर कभी विवाद हुआ हो या संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, उन बूथों पर वेबकास्टिंग होगी।
उप निर्वाचन अधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के लगभग 50 प्रतिशत बूथों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इन बूथों पर आयोग की सीधी नजर रहेगी। जिला मुख्यालय पर इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। अलग-अलग स्क्रीन पर मतदान की गतिविधियों का प्रसारण होता रहेगा। वेबकास्टिंग वाले बूथों पर सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात रहेगी।
वेबकास्टिंग वाले विधानसभावार बूथों की संख्या
विधानसभा पोलिंग बूथ वेबकास्टिंग वाले पोलिंग बूथ
रुद्रपुर 344 186
देवरिया 348 174
पथरदेवा 361 184
रामपुर कारखाना 384 193
भाटपाररानी 374 191
सलेमपुर 350 176
बरहज 353 218
कुल - 2514 1322