मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले हफ्ते हुई बारिश व हवा से ज्यादातर इलाकों में गेहूं की फसल गिर गई है। पक चुके सरसों झड़ गए हैं। किसान अभी इस नुकसान से आहत थे, तभी बृहस्पतिवार रात से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। शुक्रवार को दिन में बूंदाबांदी हुई। शनिवार तक जिले में आंधी-तूफान व ओलावृष्टि की आशंका है।
कृषि वैज्ञानिकों की सलाह है कि ऐसे मौसम में किसान गेहूूं कि कटाई न कराएं। बालियों से दाने ठीक से नहीं निकल पाएंगे। नमी के कारण उपज सड़ने की आशंका है। रामनगर के किसान अवध लाल का कहना है कि इस बार हमें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। लगातार मौसम के बिगड़ने से पैदावार में बहुत कमी हो गई है। दाने दब गए हैं।
किसी तरह कटाई करने की योजना बना रहे हैं। खराब मौसम ने चिंता बढ़ा दिया है। कृषि वैज्ञानिक रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार अगर अधिक बारिश हुई तो गेहूूं की फसल खराब हो जाएगी। दाने प्रभावित हो गए हैं। अब काले पड़ने लगेंगे। किसान अभी दो दिन कटाई न कराएं।