नगर पंचायत बघौचघाट के वार्ड नं पांच महुआरी का मामला
बघौचघाट। एक ओर सरकार हर घर जल पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं नगर पंचायत के वार्ड नं पांच महुआरी के ग्रामीण पिछले पांच वर्षों से पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। यहां बनी पानी की टंकी आज तक शोपीस बनकर रह गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच साल पहले लाखों रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक टोटियों में एक बूंद पानी नहीं पहुंचा। टंकी बनने के बाद पाइपलाइन और सप्लाई व्यवस्था अधूरी छोड़ दी गई, इसके चलते लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। लोगों को हैंडपंप के सहारे ही अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ती हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की टंकी को चालू कराया जाए और हर घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।कुछ घरों में सप्लाई मिल रही हैं लेकिन अधिकांश घर पानी की एक बंद तक इस टंकी की नहीं पा सके है।
बोले लोग
भीषण गर्मी ने पानी की टंकी से सप्लाई नहीं मिलने से परेशानी हो रही हैं। पानी खरीदना पड़ रहा हैं। वहीं, नगर पंचायत से लेकर ब्लॉक कार्यालय तक का चक्कर लगा चुका हूं लेकिन कोई जिम्मेदार पानी की सप्लाई नहीं शुरू करा सका। - प्रद्युम्न पांडेय
ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति न होने से महिलाओं को अधिक परेशानी है। अगर पानी की सप्लाई हो जाती तो हैंडपंप चलाने से राहत मिल जाता और शुद्ध पानी भी मिलता। - दुर्गावती देवी
अभी काम चल रहा है, बहुत जल्द सभी घरों को पानी मिलने लगेगा। कुछ काम अधूरा है, उसे पूरा कराया जा रहा है।
- विश्वजीत वर्मा, अधिशासी अभियंता, जल निगम