- खुखुंदू थाना क्षेत्र के खजुरी करौता रेलवे लाइन किनारे नमक डालकर दफनाए गए युवती के शव का मामला
- आसपास गांवों में सुगबुगाहट हुई तेज, ऑनर किलिंग की तरफ बढ़ी पुलिस की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के खजुरी करौता रेलवे लाइन किनारे नमक डालकर दफनाए गए युवती के शव के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। पुलिस मुखबिरों से मिले क्लू के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने में जुटी है। आसपास गांवों में घटना को लेकर सुगबुगाहट भी तेज हो गई है।
सूत्रों की मानें तो युवती ऑनर किलिंग का शिकार हुई है। वहीं पुलिस की जांच भी इस तरफ इशारा कर रही है। वहीं लोग पुलिस के सामने खुलकर बोलने से बच रहे हैं।खुखुंदू थाना क्षेत्र के खजुरी करौता गांव में रेलवे लाइन किनारे नौ दिन पहले मिले युवती के शव को कुत्ते नोचकर खा रहे थे। शव से बहुत ज्यादा दुर्गंध आ रही थी। लोगों ने मौके पर जाकर देखा था तो शव का सिर और एक हाथ ऊपर दिखाई पड़ा। बाकी शरीर जमीन के अंदर था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जमीन से खुदाई कराकर शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने 18-20 वर्षीय युवती का शव होना बताया। हालांकि चेहरा स्पष्ट नहीं होने से शिनाख्त नहीं हो पाई थी। चार दिन पहले पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया। इसमें गला दबाने से युवती के मौत की पुष्टि हुई थी। हालांकि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस पकड़ी खास, खजुरी करौता, करकटही परसिया, मकुनही और बतरौली पांडेय गांवों में जांच-पड़ताल करने की बात कहने लगी। पुलिस को जब सफलता नहीं मिली तो चौकीदारों और मुखबिरों को लगाया।
सूत्रों की मानें तो मुखबिरों के माध्यम से पुलिस हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है। पुलिस को इसमें काफी हद तक सफलता मिलने की बात कही जा रही है। वैसे पुलिस घटना को ऑनर किलिंग से जोड़कर देख रही है।
उधर, आसपास पांचों गांवों में इसकी सुगबुगाहट शुरू हो गई है। लोग एक-दूसरे से शव किसका और कहां का हो सकता है कयास लगाना शुरू कर दिए है। हालांकि पुलिस के सामने लोग खुलकर बोलने से बच रहे है, जबकि दबी जुबान से गांवों में लोग एक-दूसरे से चर्चाएं कर रहे है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि शव का शिनाख्त नहीं हो पाई है। वैसे मुखबिर के जरिए थोड़ी बहुत जानकारियां मिली है। उसी के तहर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि अभी शिनाख्त नहीं हो सका है। पुलिस लगी है जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।