बघौचघाट। आदर्श नगर पंचायत पथरदेवा में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी वार्डों में गीला व सूखा कचरा संग्रहित करने के लिए कूड़ा उठाने वाली ट्राईसाइकिलों का वितरण किया गया। नगर में स्वच्छता अभियान को सुदृढ़ करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में सफाई कर्मियों को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे कचरा निस्तारण की प्रक्रिया सुचारू होगी और कस्बा अधिक स्वच्छ व व्यवस्थित दिखाई देगा। मंडल अध्यक्ष हरीश उर्फ जिप्पू शाही ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए यह कदम बेहद सराहनीय है और इससे सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। चेयरमैन क्रांति सिंह ने बताया कि नगर में गंदगी और अव्यवस्थित कचरा निस्तारण की समस्या को दूर करने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वच्छता से जुड़े अन्य संसाधनों को भी बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर पंचायत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वितरण कार्यक्रम में चेयरमैन कमलेश सिंह उर्फ क्रांति सिंह, भाजपा नेता हेमंत पाठक, मंडल अध्यक्ष हरीश शाही उर्फ जीपू शाही, विवेक राय सहित कई पदाधिकारी माैजूद रहे। संवाद