आवासीय कस्तूरबा बालिका विद्यालय से छात्रा के लापता हाने के मामले में लार के वार्डेन, चौकीदार और एक शिक्षिका को बीएसए ने छात्रा के साथ तलब किया है।
नोटिस मिलने के बाद विद्यालय के अन्य कर्मचारियों में खलबली मची है। वहीं, आवासीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अफसर भी गंभीर हो गए हैं।
लार नगर के आवासीय कस्तूरबा बालिका विद्यालय में पटना गांव की ज्योति कक्षा छह में पढ़ती है। दो दिन पूर्व वार्डेन और चौकीदार की लापरवाही से वह विद्यालय से बाहर निकल गई।
24 घंटे बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश करते हुए घर वाले विद्यालय पर पहुंचे। छात्रा के लापता होने की खबर मिलते ही जिम्मेदारों में खलबली मच गई। बुधवार की देर रात को छात्रा अपनी बुआ के घर मैरवा में मिली।
इसके बाद विद्यालय प्रशासन के लोगों ने राहत की सांस ली। इस मामले में बीएसए ने आवासीय कस्तूरबा बालिका विद्यालय की वार्डेन अंजली द्विवेदी, शिक्षिका प्रतिमा प्रजापति और चौकीदार को नोटिस जारी कर तीन फरवरी को तीनों लोगों को छात्रा ज्योति के साथ अपने कार्यालय में तलब किया है।
बीएसए के रुख से कस्तूरबा बालिका विद्यालय के लापरवाह कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई है।
इस बाबत बीएसए मनोज मिश्र ने बताया कि छात्रा के साथ वार्डेन समेत तीन लोगों को तलब किया गया है। छात्रा के बयान दर्ज करने के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी।