सभासदों ने दिया धरना, चेयरमैन व ईओ पर भ्रष्टाचार का आरोप
सलेमपुर। नगर पंचायत के सभासदों ने सात सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को गांधी चौक पर धरना दिया। सभासदों ने चेयरमैन व ईओ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उनकी जांच कराए जाने की मांग की। विधायक काली प्रसाद व एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल ने सभासदों का ज्ञापन लेकर धरना समाप्त कराया।
सुगहीं वार्ड के सभासद संजीव वर्मा ने कहा कि सभी स्ट्रीट लाइट बंद हैं। स्टेशन रोड व पूरा शहर अंधेरे में डूबा है। सरकार द्वारा भेजी गई लाइट को चेयरमैन व ईओ द्वारा वापस कर दिया गया है। वार्डों के निर्माण कार्यों को रोक कर फर्जी तरीके से कोटेशन पर हजारों की तादाद में अपने चहेते ठेकेदारों को निर्माण के नाम पर भुगतान किया गया है। तीन वर्षों के अंदर कराए गए सभी कोटेशन पर निर्माण कार्य व सभी सामग्री की जांच दूसरे विभाग के उच्चाधिकारियों से कराई जाए। वार्ड नंबर पांच हरैया लाला की सभासद अनीता देवी ने कहा कि सभी वार्डों में गंदे जलभराव की वजह से इस कोरोना काल में भयंकर बीमारी फैलने का डर बना है। चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी जल निकासी के नाम पर केवल फर्जी भुगतान कर रहे हैं। आज पूरे नगर का मुआयना कराया जाए तो करीब सभी वार्ड पानी से डूबे हुए मिलेंगे।
अधिशासी अधिकारी सप्ताह में दो से तीन दिन आती हैं। किसी सभासद की बात नहीं सुनतीं, उनका फोन तक नहीं उठता। सभासद अशोक सिंह ने कहा कि वर्तमान चेयरमैन के कार्यकाल की जांच कर दूसरे विभागों से कराई जाए। धरना को वार्ड नंबर एक की सभासद सीता देवी, वार्ड नंबर 6 इचौना पूर्वी के सभासद विजय कुमार गुप्त, वार्ड नंबर दो की सभासद संतोषी देवी ने भी संबोधित किया। विधायक काली प्रसाद व एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल ने सभासदों का ज्ञापन लेकर जांच कराए जाने का आश्वासन दिया।