यातायात पुलिस ने चिह्नित किए हैं ये स्पॉट, लगाए जाएंगे संकेतक
देवरिया। आने वाले कुछ दिनों में कोहरे की वजह से छाया अंधेरा सड़कों पर आवागमन को असुरक्षित बनाएगा। इन्हीं सड़कों पर 11 ऐसे स्थान हैं जो हादसों के लिहाज से ब्लैक स्पॉट हैं। हालांकि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग संकेतक और अन्य जरूरी उपाय करेगा लेकिन बाइक व अन्य वाहन चालकों को भी इन स्थानों को ध्यान में रखना होगा। ये ऐसे स्थान हैं जहां हर महीने हादसे होते हैं।
सबसे अधिक नौ ब्लैक स्पॉट गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर नेशनल हाईवे पर चिह्नित हैं। इस फोरलेन सड़क पर गोरखपुर की सीमा स्थित खरोह चौराहा सबसे खतरनाक है। यहां आगे बढ़ने पर गौरी बाजार कस्बे का रामपुर चौराहा, इसके बाद सिरजम मोड़, फिर बैतालपुर में आए दिन हादसे होते हैं। आगे बढ़ते ही औरीचौरा और देवरिया शहर की सीमा पर पुरवा चौराहा भी ब्लैक स्पॉट है। यहां से हाटा के लिए सड़क निकलती है। इस तिराहे पर अक्सर हादसे होते हैं। देवरिया शहर को पार करने पर सोन्दा चौराहा, फिर खुखूंदू और फिर बहादुरपुर के पास भी हादसे होते हैं। नेशनल हाईवे के इन नौ ब्लैक स्पॉट के अलावा गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर रामलछन चौराहा भी ब्लैक स्पॉट है। वहीं भटनी ब्लॉक का नूनखार चौराहा भी ब्लैक स्पॉट है।
हाइवे पर बनाएंगे जेब्रा क्रॉसिंग, संकेतक भी लगेंगे
गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर हाईवे पर जो नौ ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, वहां हादसा रोकने के लिए संकेतक चिह्न लगाए जाएंगे। सहायक अभियंता मुरलीधर राय ने बताया कि इन ब्लॅक स्पॉट पर सतर्क करने के लिए संकेतक लगाए जाएंगे। इसके अलावा सड़क पर सफेद पट्टी बनाई जाएगी। साथ ही जहां-जहां क्रॉसिंग है, वहां जेब्रा क्रॉसिंग जरूर बनाई जाएगी, जिससे कि पैदल चलने वाले यात्रियाें को हादसे से बचाया जा सके। इसके अलावा रिपिटेड बार, हाईट मार्किंग समेत अन्य सभी उपाय किए जा रहे हैं।