चुनाव प्रेक्षक, डीएम-एसपी ने तैयारी का लिया जायजा, दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण करा ली गई हैं। बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को बीआरडीबीडी पीजी कालेज आश्रम से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। चुनाव प्रेक्षक रमाकांत पांडेय, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह और एसपी डॉ.संकल्प शर्मा ने चुनाव तैयारियो का जायजा लिया। बरहज और भलुअनी के 74 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
महाविद्यालय परिसर में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। नगर पालिका गौरा बरहज के 15 केंद्रों पर 49 बूथों के लिए काउंटर नंबर एक से आठ, जबकि नगर पंचायत भलुअनी 14 केंद्रों के 25 बूथों के लिए एक से छह काउंटर बनाए गए थे। एसडीएम योगेश कुमार, तहसीलदार अश्वनी कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, रवींद्र मौर्य, सीओ अंशुमन श्रीवास्तव, बीडीओ चंद्रभूषण यादव जमे हुए थे। दोपहर करीब साढ़े 10 बजे आब्जर्वर रमाकांत पांडेय और करीब साढ़े 12 बजे डीएम-एसपी ने पोलिंग पार्टियों के रवानगी और सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए बूथों की व्यवस्था आदि के बारे में जानकारीरी ली। करीब 20 मिनट तक अधिकारियों ने हर एक बिंदु पर पड़ताल किया। कर्मचारी चुनाव सामग्री को सहेज तय साधन से गंतव्य को रवाना हुए। जो क्रम शाम तक चलता रहा।
इंसेट में-
तीन मतदान कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट प्रेषित
बीआरडीबीडी पीजी कालेज आश्रम को पोलिंग पार्टी रवानगी और मतगणना स्थली बनाया गया है। सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए बुधवार को बूथों पर कर्मचारियों को रवाना किया गया। जिनमें कुछ कर्मचारी बिना कारण बताए अनुपस्थित मिले। जिन पर कार्रवाई की संस्तुति के लिए आयोग को रिपोर्ट प्रेषित किया गया। तहसीलदार अश्वनी कुमार ने बताया कि पोलिंग पार्टी रवानगी के दौरान सहायक अध्यापक प्रियंका यादव, संगीता सिंह और आयशा सिद्दीकी अनुपस्थित पाई गईं। जिन पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजा गया है।