देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार गांव के समीप रविवार की आधी रात में पुलिस ने मुठभेड़ में जिस असलहा तस्कर विवेक सिंह उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया है। वह लंबे अरसे से बिहार से अवैध असलहा लाकर यूपी के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। इसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में अवैध शस्त्र, एनडीपीएस, गैंगेस्टर, गुंडा, चोरी, लूट समेत कई गंभीर धाराओं में करीब 17 मुकदमा पंजीकृत है। सोमवार को कोतवाल विनोद कुमार सिंह की तहरीर पर असलहा तस्कर के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के पतलापुर गांव निवासी विवेक सिंह उर्फ पप्पू पुत्र स्व. विजय बहादुर सिंह सोनू घाट के पास किराए का कमरा लेकर रहता था। इस असलहा तस्कर का बिहार के अपराधियों से गहरा गठजोड़ है और वहां से अवैध असलहे जिले के अपराधियों को मुहैया कराता था। चर्चा है कि देवरिया के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों के अपराधियों से भी इसके संबंध थे और उन्हें जरूरत पड़ने पर असलहों की सप्लाई करता था।
कोतवाली पुलिस का दावा है कि यह कुख्यात असलहा तस्कर बाइक से रविवार की देर रात सकरपार रेलवे क्राॅसिंग के समीप पहुंच था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और चारों तरफ से घेराबंदी कर रोक लिया। इस पर बाइक सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर गया।
तलाशी के दौरान इसके पास से दो पिस्टल 32 बोर व 3 कारतूस 32 बोर, एक खोखा 32 बोर व चार तमंचा 315 बोर, दो खाली मैगजीन 32 बोर का मिला। पुलिस ने बाइक भी कब्जे में ले लिया। इस मामला में पुलिस ने कोतवाल विनोद कुमार सिंह के तहरीर पर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ खुखुंदू में आठ, सलेमपुर कोतवाली में पांच, भलुअनी में तीन व बरहज में एक मामले दर्ज हैं। इसमें आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर, गुंडा, चोरी, लूट समेत कई मामले हैं।
बाइक से असलहों को करा देता था बॉर्डर पार
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवेक सिंह अधिकांशत : बाइक से ही असलहा लाकर बिहार से देवरिया आता था और यहां से प्रदेश के विभिन्न जिलों के बदमाशों को असलहा पहुंचा देता था। मुठभेड़ में उसके पकड़े जाने के बाद पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। चर्चा है कि जल्द ही विवेक के संपर्क में रहे जिले के कई और असलहा तस्करों को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
................
कोट
सकरापार रेलवे क्रासिंग के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त विवेक सिंह उर्फ पप्पू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है। अभियुक्त के पास से आधा दर्जन अवैध असलहे व कारतूस बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों पर अवैध शस्त्र, एनडीपीएस, गैंगेस्टर, गुंडा, चोरी, लूट आदि से संबंधित में करीब डेढ़ दर्जन केस पंजीकृत है। इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज से छुट्टी मिलने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
-संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी नगर