रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के डुमरी पांडेचक मार्ग स्थित रामपुर धुस में बृहस्पतिवार की रात नशे की हालत में एक महिला और युवक के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसारए रात करीब 9.45 बजे रामपुर धुस के पास शराब पीने के दौरान डुमरी क्षेत्र की एक महिला और नगर पंचायत के आंबेडकर वार्ड निवासी एक युवक के बीच कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। महिला के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि युवक भी घायल हो गया।
वारदात की सूचना पर पहुंचीपुलिस ने महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। युवक ने निजी चिकित्सक से उपचार कराने के बाद थाने पहुंचकर वारदात की जानकारी दी। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर धुस स्थित शराब की दुकान के आसपास आए दिन शराबियों के बीच विवाद और मारपीट की होती रहती हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
थानाध्यक्ष अश्विनी प्रधान ने बताया कि दोनों पक्ष नशे की हालत में थे। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।