देवरिया। एसआईआर में हुई गड़बड़ियां प्रशासन के लिए मुसीबत बन गई हैं। देवरिया शहर के अबूबकरनगर उत्तरी वार्ड नंबर 32 के रहने वाले अंजुम रहमान ने एसडीएम सदर के यहां अपील करते हुए कहा कि उनके मकान नंबर 501 में बंटवारा करके विनोद मद्धेशिया समेत सात फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल कर लिए गए हैं।
इस पर एसडीएम ने बीएलओ को नोटिस जारी कर दो दिन में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। शिकायतकर्ता अंजुमरहमान का कहना है कि एसआईआर के बाद जारी वोटर लिस्ट में क्रमांक 370 से 376 तक मेरे घर के मतदाताओं के नाम हैं। इसी में क्रमांक 372 पर विनोद मद्धेशिया, 375 पर बिंदू देवी का भी नाम शामिल है।
इसके अलावा मकान नंबर 501 का बंटवारा करते हुए सात अतिरिक्त फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं। इन फर्जी मतदाताओं में दुर्गेश कुमार गुप्ता, अशोक कुमार, मीरा सिंह, शशि, कृष्ण गोपाल आदि के नाम हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर श्रृति शर्मा ने बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब तलब किया है।