बनकटा। विकास खंड के ग्राम पंचायत कुरमौली के ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत में तैनात हल्का लेखपाल को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल के कार्यों से वे संतुष्ट नहीं हैं तथा छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को लंबे समय तक परेशान होना पड़ता है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि आवश्यक कार्यों के लिए बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद समय से निस्तारण नहीं किया जाता। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि लेखपाल कुछ लोगों के प्रभाव में कार्य करते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेखपाल पर गांव की राजनीति में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने, अभद्र व्यवहार करने और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का समुचित पालन न होने की भी बात कही गई है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर वर्तमान लेखपाल को हटाकर किसी अन्य लेखपाल की तैनाती गांव में करने की मांग की है। शिकायत करने वालों में देशमुखमणि पासवान,अशोक यादव,अमित यादव,गोविंद चौहान,गनेश यादव,रेयांश चौहान,सुनील प्रसाद आदि शामिल रहे।