अंडरपास का विरोध करते ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
गौरी बाजार। गौरी बाजार रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने की कवायद का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही अधिकारियों को पत्रक भेजकर रोकने की मांग की। गौरी बाजार पश्चिम रेलवे फाटक 141ए पर रेलवे द्वारा अंडरपास बनाने की प्रकिया बुधवार को शुरू हुई। बोर्ड लगाकर विभाग द्वारा अग्रिम सूचना दे दिया गया है। जैसे ही इस बात की जानकारी आसपास के गांव के लोगों को हुई तो ग्रामीण व किसान लामबंद हो गए। हरेरामपुर, करमाजितपुर, भटौली खुर्द, गौरी बुजुर्ग सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों ने ढाले के पास इकट्ठा होकर प्रदर्शन व नारेबाजी किया। साथ ही ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी, मुख्यमंत्री, रेलमंत्री, प्रधानमंत्री को डाक के माध्यम से पत्रक भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे फाटक के आसपास बरसात से लेकर अगले 5 महीने तक जल भराव की स्थिति रहती है। अंडरपास में भी पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाएगा। उन्हें तीन से चार किलोमीटर घूम कर जाना पड़ेगा। अंडरपास बन जाने से किसानों को भारी कृषि यंत्र, गन्ना लदी ट्राली सहित अन्य सामान ले जाने में दिक्कत होगी। प्रदर्शन करने वालों में कमल चंद्र सिंह ,वीरेंद्र सिंह, हरिशंकर सिंह, जयप्रकाश सिंह, हरिराम चौहान, दिलीप, विजेंद्र गौड़, राम सिंगर, निगम सिंह, राजीव सिंह, आकाश विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।