बरहज के कोटवां में मलह टोली में जाने के लिए रास्ते को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण संवाद
बरहज। क्षेत्र के कोटवां के मल्लाह टोला गांव में जाने के लिए आजादी के 75 वर्ष बाद आज भी रास्ता नहीं बन सका है। जिससे बरसात के मौसम में लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। बुधवार को रास्ता न होने से नाराज ग्रामीणों ने पानी में खड़े होकर रोड नहीं तो 2024 में वोट नहीं का नारा लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी लिया। जिन्होंने रास्ता के लिए निष्कर्ष निकालने का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
पिछले दिनों से हो रही बारिश से कोटवां के मल्लाह टोला में जाने वाला रास्ता पानी से भर गया है। जिससे नाराज महिला-पुरुष जिम्मेदारों के खिलाफ मुखर होकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। ग्राम प्रधान पदमाकर मिश्र का कहना था कि आजादी के 75वें वर्ष में देश अमृत महोत्सव मनाते हुए चांद पर भी पहुंच बना चुका है। लेकिन मोहल्ले में अब तक जाने के लिए रास्ता नहीं होने से लोगों की स्थिति दयनीय है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से रास्ता बनवाने की गुहार लगाई गई थी। लेकिन कोई पुरसाहाल नहीं निकल सका है। हालांकि एसडीएम से गांव के बृजराज राजभर, विजय राजभर, टुनटुन पांडेय, उदयभान पांडेय, मुकेश पांडेय आदि ने आवागमन के लिए जमीन देने को तैयार हुए। लेकिन प्रशासन से पैतृक जमीन की पैमाइश कराने को कहा। मौके पर मंजू देवी, दशउटी देवी, मंगरी देवी, सुमित्रा देवी, तन्नी लाल, चंदन निषाद आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर गया था। सरकारी जमीन नहीं है, लेकिन लोगों के सुचारु रुप से आवागमन के लिए भू-स्वामियों को बुलाकर रास्ता निकाला जाएगा। - अवधेश कुमार निगम एसडीएम, बरहज