निबही में डेल्टा प्लस का खौफ, दो मिले संक्रमित
रुद्रपुर। निबही गांव में संक्रमित की मृत्यु के बाद डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि से हड़कंप मचा है। तीन दिन पहले आई रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य महकमा गांव में कैंप कर रहा है। शुक्रवार को आरटीपीसीआर रिपोर्ट के लिए गए तीस नमूने में से दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। नमूने को जीनोम सिक्वेसिंग टेस्ट के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया है। इनमें से एक संक्रमित की बेटी और दूसरे गांव के स्कूल के शिक्षक हैं।
संक्रमित की बेटी मृतक के अंतिम संस्कार के बाद चालीसवें में शामिल हुई थी। स्कूल के बगल में संक्रमित का घर होने से संक्रमण की आशंका जताई जा रही है। गांव में जांच के दौरान संक्रमितों के मिलने से दहशत है। मात्र तीस लोगों की जांच में दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। शनिवार को गांव में युद्ध स्तर पर वैक्सीनेशन और टेस्टिंग शुरू करा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के दस लोगों की दो टीमों को आरटीपीसीआर टेस्ट और वैक्सीनेशन में लगाया गया है। दूसरे दिन गांव के 45 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए नमूना लिया गया। जबकि 150 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन की पहली डोज दी गई।
29 मई को गांव के एक कोरोना संक्रमित की इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हुई थी। चालीस दिन बाद जीनोम सिक्वेसिंग टेस्ट रिपोर्ट में उसके डेल्टा प्लस वैरिएंट से मौत होने की पुष्टि हुई। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश यादव ने कहा कि गांव में टेस्ट और वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। पूरे गांव का आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। प्रशासन से गांव को सील करने का अनुरोध किया गया है।