25 हजार रुपये के इनामी विकास को पुलिस ने जेल भेजा
शराब की दुकान के सेल्समैन से 72 हजार रुपये लूट की बात कुबूल की
पिस्टल, कारतूस और लूट की रकम में से 5100 रुपये बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये इनामी बदमाश विकास यादव को पुरवां चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसने जनवरी में शराब की दुकान के सेल्समैन से हुई लूट की घटना में शामिल होने की बात कुबूल की। उसके पास से पिस्टल, कारतूस और लूट की रकम से बचे 5100 रुपये बरामद किए गए। उसे जेल भेज दिया गया है।
सदर कोतवाली के सकरापार गांव का रहने वाला विकास यादव जिले के टॉप टेन बदमाशों की सूची में शामिल है। कई घटनाओं को अंजाम देने वाला विकास अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा था। हर बार वह पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में हाजिर हो गया था। इस बार अधिकारियों ने उसे टॉप टेन बदमाशों में चिह्नित कर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को उसे पुरवां चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, दो कारतूस और 5100 रुपये मिले। उसने जनवरी महीने में परसिया मिस्कारी के शराब की दुकान के सेल्समैन से हुई 72 हजार रुपये लूट में शामिल होने की बात बताई। यह रकम उसी में से बची थी। सदर कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर शनिवार को उसे जेल भेज दिया। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि टॉप टेन बदमाश विकास यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
चौकी इंचार्ज लाइनहाजिर
देवरिया। पिछले दिनों गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बैतालपुर में भूसा के बीच पकड़ी गई अवैध शराब के मामले में वहां के चौकी इंचार्ज की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने जांच के बाद बैतालपुर चौकी इंचार्ज राकेश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया।