जरूरी काम वालों को ही मिलेगा विकास भवन में प्रवेश
फरियादियों को पेटिका में डालनी होगी अपनी शिकायत
विकास भवन में 12 कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बदलेगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विकास भवन में डीएसटीओ समेत 12 से अधिक कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद व्यवस्था बदलने जा रही है। अब आमजन की शिकायतें हेल्प डेस्क के पास रखी पेटिका में पड़ेंगी। बहुत जरूरी होने पर ही किसी व्यक्ति को अधिकारियों से मिलने की अनुमति मिलेगी। शुक्रवार को कार्यालय खुलने पर इसे सख्ती से अमल में लाया जाएगा।
कोरोना संक्रमण सरकारी विभागों में पांव पसार चुका है। विकास भवन में विभिन्न कार्यालयों के संक्रमित 12 एवं अन्य को लेकर 15 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। ऐसे में अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भय समा गया है। कार्यालय खुलने के बाद भी अधिकतर अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय नहीं आ रहे हैं। नगर पालिका का भी यही हाल है। यहां ईओ समेत 18 से 20 लोग संक्रमित हो चुके हैं। विकास भवन में डीपीआरओ कार्यालय के 11 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। बुधवार को डीएसटीओ एवं अन्य के संक्रमित मिलने के बाद विकास भवन को दो दिन के लिए सील कर दिया गया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय में भी एक कर्मचारी संक्रमित मिल चुका है। ऐसे में अधिकारियों की ओर से दफ्तर खुलने पर जरूरी एहतियात बरतने की योजना बनाई जा रही है। सीडीओ शिवशरणप्पा ने बताया कि विकास भवन में अब बेवजह लोगों की आवाजाही नहीं होने दी जाएगी। लोग फरियाद शिकायत पेटिका में डालेंगे। जरूरी होने पर सुरक्षा उपकरणों के साथ अधिकारियों से मिलने की अनुमति मिलेगी। विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों के संक्रमित होने से जनहित के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। महामारी के प्रति पूरी तरह एहतियात बरता जाएगा।