शिक्षक-शिक्षिका ने शादी का वीडियो किया वायरल तो मिली धमकी
पुलिस घटना से अंजान, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की कर रही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
लार/मेहरौना घाट। एक शिक्षक और शिक्षिका ने मजहब की दीवार तोड़ मंदिर में शादी कर सोशल मीडिया पर वीडियो क्या वायरल किया, नाराज परिजन दोनों को अंजाम भुगतने के लिए धमकी देने लगे। इससे भयभीत दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से ही लार पुलिस से परिजनों की शिकायत की है। हालांकि पुलिस कर रही है, उसे इस मामले की जानकारी नहीं। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लार क्षेत्र के एक गांव की युवती नगर के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। उसी स्कूल में बिहार के गुठनी क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक भी पढ़ाता है। चार माह पूर्व दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं कि दोनों ने जाति-धर्म की दीवार तोड़ मझौली राज स्थित दीर्घेश्वर नाथ मंदिर में सात फेरे ले लिए। इसके बाद दोनों ने अपनी-अपनी फेसबुक आईडी से मंदिर में हुए विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज शिक्षिका के भाई ने वीडियो पर कमेंट कर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद भयभीत दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लार पुलिस से परिजनों द्वारा धमकी देने की शिकायत की है। युवती ने लिखा है कि परिजन हमारे फैसले से खुश नहीं हैं। वह दूसरे धर्म में शादी को लेकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस बारे में जब चौकी इंचार्ज योगेंद्र यादव से पूछा गया तो उनका कहना था कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।