बरहज। मगहरा क्षेत्र के कसिली गांव में विवादित जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराने का मामला सामने आया है। प्रशासनिक अधिकारियों की रोक के बावजूद पुलिस की मौजूदगी में उक्त जमीन पर निर्माण कार्य कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे पुलिस महकमे में खलबली है। हालांकि, वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा कहा जा रहा है कि पुलिस प्रशासन खड़ी है। इसके बाद भी निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मौके पर कुर्सियां भी रखी हुई हैं। वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मी खड़े दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो से पुलिस की खूब किरकिरी हो रही है।
बताया जा रहा है कि मईल थाना क्षेत्र के कसिली गांव निवासी धर्मेंद्र नाथ तिवारी का ग्राम न्यायालय में अनुसूचित जाति के कुछ लोगों से भूमि विवाद का केस विचाराधीन है। लोगों के अनुसार, अर्द्धसैनिक बल में कांस्टेबल पद पर तैनात एक व्यक्ति छुट्टी पर गांव आया है और विवादि जमीन पर निर्माण करा रहा है। इस प्रकरण में एसडीएम हरिशंकर लाल ने थानाध्यक्ष मईल को टीम गठित कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।