बालाजी मंदिर में श्री ब्रह्मोत्सव कार्यक्रम के पांचवें दिन शाम को निकाली गई शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कसया रोड स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में आयोजित श्री ब्रह्मोत्सव कार्यक्रम के पांचवें दिन धूमधाम से रथयात्रा निकाली गई। इसमें शामिल लोगों का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया। इसमें शामिल भगवान वेंकटेश और देवी पद्मावती के आकर्षक झांकी का दर्शन-पूजन करने के लिए साधक लालायित दिखे। बड़ी संख्या में जुटे भक्तों ने वेंकट रमणा गोविंदा, गोंविदा का जयघोष कर माहौल को भक्तिमय बनाया।
बालाजी मंदिर के पीठाधीश्वर स्वामी राजनारायणाचार्य की देखरेख में शनिवार की सुबह में नित्ययज्ञ, श्रीवेंकटेश की सवारी परिसर में निकाली गई। दोपहर में बाहर से आए आचार्यों की देखरेख में तिरुमज्जन अभिषेक कार्यक्रम संपन्न हुआ। परिसर मे पूरे दिन तिरुपति से नादस्वर बजाने आई टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से साधकों को बार-बार जयघोष करने पर मजबूर किया।
शाम को पीठाधीश्वर स्वामी राजनारायणाचार्य के आह्वान के बाद रथ पर भगवान वेंकटेश व देवी पद्मावती को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सवार किया गया। इसके बाद वेंकट रमणा गोविंदा..गोविंदा.. के जयघोष के बीच धूमधाम से सवारी निकली। जगह-जगह व्यापारी वर्ग के अलावा विभिन्न समाज व संगठन से जुड़े लोगों ने रथयात्रा का स्वागत किया।
नगर भ्रमण के बाद देर रात में यात्रा वापस भक्ति वाटिका बालाजी मंदिर पहुंची। इसके बाद भक्तों ने क्रम से पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। पीठाधीश्वर स्वामी राज नारायणचार्य ने बताया कि विश्व कल्याण के लिए इस रथयात्रा का आयोजन होता है।
रथयात्रा में नित्यानंद पांडेय, अशोक अग्रवाल, रमेश बरनवाल, विजय मणि त्रिपाठी, मुक्तिनाथ त्रिपाठी, शरद अग्रवाल, गुलाब सिंह, संजय जाखोदिया, श्यामसुंदर खेतान आदि मौजूद रहे।