लार बाईपास का निर्माण शुरू।स्रोत- जागरूक पाठक
सलेमपुर। नवलपुर से लार होते हुए रामजानकी मार्ग को जोड़ने वाली बाईपास सड़क का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। करीब नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण पर 19 करोड़ 11.42 लाख रुपये की लागत आएगी और फरवरी 2026 तक इसके पूरा होने जाने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद वाहन इस मार्ग पर फर्राटा भरते नजर आएंगे।
लंबे समय से जर्जर इस सड़क का निर्माण कार्य फिर से शुरू होने से लोगों में खुशी है। सड़क बनवाने के लिए राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मांगपत्र सौंप चुकी हैं। नवलपुर से लार बाईपास होते हुए रामजानकी मार्ग को जोड़ने वाली सड़क वर्षों से बदहाल थी। लार बाईपास सड़क में जगह-जगह गड्ढों के कारण आवागमन कठिन हो गया था। भारी वाहनों की आवाजाही से स्थिति और भी खराब हो गई थी। इससे आए दिन हादसे हो रहे थे। इसके बाद लोगों ने सड़क को बनवाने की मांग की थी।
क्षेत्रीय लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सड़क निर्माण को लेकर पत्र सौंपा था। राज्यमंत्री के पत्र को संज्ञान में लेते हुए शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कर छह महीने पहले निर्माण कार्य शुरू करा दिया, लेकिन बारिश के मौसम में लार बाईपास वाली सड़क में दलदल होने के चलते निर्माण कार्य रुक गया था। सड़क निर्माण को फिर शुरू कराने के लिए कुछ दिन पहले हिंदू युवा वाहिनी के नेता अरूण सिंह ने सड़क पर लेटकर काम फिर शुरू कराने की मांग की थी। इसके अलावा लार कस्बा के रहने वाले आशीष तिवारी ने दो दिन पहले डीएम दिव्या मित्तल से मुलाकात कर सड़क को तत्काल बनवाने की मांग की थी। इस पर डीएम ने विभाग के जिम्मेदारों को फोन कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही थी। इसके बाद मंगलवार को विभाग के जिम्मेदार मौके पर पहुंच ठेकेदार को बुलाकर काम शुरू करा दिया।