आचार संहिता उल्लंघन में भाजपा समर्थित उम्मीदवार का प्रचार वाहन जब्त
सलेमपुर। पंचायत चुनाव में कुछ प्रत्याशी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। शुक्रवार को तहसील क्षेत्र से पुलिस ने भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी का वाहन जब्त कर लिया। इससे पहले भी एक दावेदार का वाहन जब्त किया जा चुका है। इनमें से किसी ने प्रचार वाहन की अनुमति नहीं ली थी। पुलिस ने प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सलेमपुर पश्चिमी वार्ड संख्या 39 से भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य की दावेदार अर्चना देवी पत्नी अजय कुमार गौतम शुक्रवार को प्रशासन की बिना अनुमति से रैली निकाली थीं। उसमें एक पिकअप गाड़ी में साउंड सिस्टम लगाकर क्षेत्र में प्रचार किया जा रहा था। गाड़ी में लाउडस्पीकर भी लगे थे। जबकि आदर्श आचार संहिता के अनुसार बिना अनुमति के इस तरह के वाहन से प्रचार नहीं किया जा सकता। इसकी शिकायत किसी ने एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल से कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने कोतवाली पुलिस को जांच का निर्देश दिया। कोतवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया। इस बाबत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन दिन पहले भी एक प्रत्याशी का प्रचार वाहन जब्त किया गया था। जमुई गांव निवासी अभिषेक तिवारी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बिना अनुमति के अगर कोई प्रत्याशी रैली व जनसभा करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रेली या जनसभा के लिए उम्मीदवारों को अनुमति लेनी होगी। -ओमप्रकाश बरनवाल, एसडीएम, सलेमपुर