देवरिया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के कई प्रमुख रेस्टोरेंट और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसमें सावन माह और वर्षा ऋतु में एग मायोनेज की जांच की गई। इस दौरान एक रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। साथ ही एक्सपायर खाद्य पदार्थ पाया गया। इस पर टीम ने कार्रवाई की चेतावनी दी।
सहायक खाद्य आयुक्त हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने 29 और 30 जुलाई को शहर के विभिन्न इलाकों में छापा मारा।
टीम ने गोरखपुर रोड स्थित गोविंद्र बिरयानी, बस स्टैंड स्थित भगवती स्वीट्स, अमर ज्योति चौराहा स्थित मल्ल मिष्ठान भंडार और गेटवर्ग रेस्टोरेन्ट, न्यू काॅलोनी स्थित फूड फ्यूजन रेस्टोरेंट और सीसी रोड स्थित रिलायंस मार्ट का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान न्यू काॅलोनी स्थित फूड फ्यूजन रेस्टोरेंट में अनियमितताएं देखने को मिलीं। यहां वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को एक साथ भंडारित किया गया था। इसके अलावा मौके पर एक्सपायर व खराब हो चुके खाद्य पदार्थ मिले, जिन्हें टीम ने तुरंत नष्ट करवा दिया।
रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना संग्रहित कर सुधार नोटिस जारी किया गया।
रिलायंस मार्ट से दाल, नमक और मूंगफली दाना के नमूने एकत्र किए गए। इसके अतिरिक्त गोविंद बिरयानी, भगवती स्वीट्स, मल्ल मिष्ठान भंडार और गेटवर्ग रेस्टोरेंट के निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया है।
सहायक खाद्य आयुक्त हितेंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि एकत्र किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कमियां मिलीं तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।