देसही देवरिया। क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत शनिवार को भी बनी रही। पिपरा मदन गोपाल गांव की एकमात्र एजेंसी पर गैस वाहन पहुंचा तो वहां वितरण शुरू होते ही उपभोक्ताओं में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला। ज्यादातर ग्राहक बिना सिलिंडर मिले ही लौटे।
पिपरा मदन गोपाल गांव स्थित गैस एजेंसी पर शनिवार को गैस सिलिंडर लेकर वाहन पहुंचा। इससे पहले रात करीब दो बजे से ही उपभोक्ता खाली गैस सिलिंडर लेकर एजेंसी पर पहुंचने लगे। भोर होते ही सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्राहकों की कतार लग गई। एक परिवार से दो लोग पहुंचे थे। एक कतार में सिलिंडर की रखवाली करने के लिए तो दूसरे काउंटर पर पासबुक जमा करने के लिए।
सुबह 10 बजे के करीब वितरण शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा कर शांत कराया। इसी बीच गैस सिलिंडर समाप्त भी हो गया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग में नंबर आने के बावजूद गैस सिलिंडर नहीं मिला। कुछ का आरोप था कि इनके पासबुक पर एजेंसी वाले स्वयं बुक करके गैस सिलिंडर ब्लैक कर दिए हैं।