पोर्टल न खुलने की खिलाड़ी कर रहे थे शिकायत, व्यवधान को किया गया दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पोर्टल के खुलने में आ रहीं दिक्कतों को दुरुस्त कर लिया गया है। पंजीयन के इच्छु़क खिलाड़ी इस पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
वर्ष 2024-25 के क्रिकेट ट्रायल के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इंदु प्रकाश मिश्र ने रविवार को बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 के ट्रायल के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल को शुरू कर दिया गया है । जनपद के समस्त खिलाड़ी https://registration.upca.tv/login लिंक पर क्लिक कर अपना पंजीकरण यथाशीघ्र कर शीघ्र ही जिला कार्यालय में निर्धारित शुल्क जमा कर अपने पंजीकरण की पुष्टि करा लें। जारी पोर्टल पर खिलाड़ी अपने मोबाइल नंबर से ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करेंगे। एक मोबाइल नंबर से एक ही खिलाड़ी का पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण के दौरान खिलाड़ी को अपना वर्तमान फोटो, आधार कार्ड तथा डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी पंजीकृत खिलाड़ियों को पोर्टल की ओर से पंजीकरण संख्या प्राप्त होगी।
पंजीकरण संख्या के साथ खिलाड़ियों को जिला कार्यालय में संपर्क कर निर्धारित शुल्क करना होगा। शुल्क के जमा होने की पुष्टि के बाद ही जिला कार्यालय की ओर से स्वीकार किए जाएंगे। शुल्क जमा न करने की दशा में पंजीकरण शून्य माना जाएगा। उन्हीं खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिनके आवेदन जिला कार्यालय से स्वीकृत होंगे। भविष्य में होने वाली असुविधा से बचने के लिए सभी खिलाड़ी शुल्क भुगतान की पुष्टि के लिए स्वयं अथवा अपने प्रतिनिधि से पंजीकरण स्लिप पर जिला कार्यालय आकर मुहर सहित भुगतान प्राप्ति हस्ताक्षर कराएंगे। पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करने में आ रही असुविधा की स्थिति में खिलाड़ी अथवा उनके अभिभावक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नागेंद्र त्रिपाठी से संपर्क करेंगे।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण केवल ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य है। यूपीसीए की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अंडर-14 वर्ग के अंतर्गत खिलाड़ी की जन्मतिथि 01.09.2010 से 31.08. 2012 के मध्य होनी चाहिए। इसी क्रम में अंडर 15 (महिला) के लिए जन्मतिथि 01.09.2009 से 31.08.2011, अंडर-16 वर्ग के लिए 01.09.2008 से 31.08.2010 होनी चाहिए। अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 01.09.2005 के बाद तथा अंडर-23 वर्ग के लिए खिलाड़ियों की जन्मतिथि 01.09.2001 के बाद की होनी चाहिए।