परीक्षा केंद्रों की निगरानी में फेल साबित हो रहा कंट्रोल रूम
कई जगहों पर कनेक्टिविटी बन रही बड़ी समस्या
सामूहिक नकल में पकड़ गए नौतन हथियागढ़ के केंद्र की मान्यता वापस लेने की तैयारी
उत्तर पुस्तिकाओं की कमी से जूझ रहे हैं केंद्र व्यवस्थापक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बना कंट्रोल रूम सभी 215 परीक्षा केंद्रों की निगरानी करने में असफल साबित हो रहा है। यहां तैनात कर्मचारी भी ऑनलाइन निगरानी करने में कम मोबाइल पर ज्यादा व्यस्त दिखते हैं। कर्मचारियों का ज्यादा समय तो केंद्रों पर फोन कर जानकारी जुटाने में व्यतीत हो रहा है। कई जगहों पर कनेक्टिविटी पर्याप्त न रहने से भी मॉनीटरिंग नहीं हो पा रही है। उधर, उत्तर पुस्तिकाओं की कमी भी केंद्र व्यवस्थापकों को खूब परेशान कर रही है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए हर उपाय कर रहा है। निर्देशों के तहत हर केंद्र के परीक्षा कक्षों में दो-दो सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर के साथ ही केंद्रों को डीवीआर से 4-जी राउटर के साथ जोड़ा गया है, ताकि यहां की हर गतिविधि को कंट्रोल रूम से देखा जा सके। केंद्रों की मॉनीटरिंग को 15 कंप्यूटर पर इतने ही कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हालांकि, इन्हीं कर्मचारियों को केंद्रों से फोन कर जानकारी लेने में भी लगा दिया गया है। ऐसे में परीक्षा के दौरान ऑनलाइन मॉनीटरिंग कम, फोन कर डाटा लेने में उनका समय ज्यादा व्यतीत हो रहा है। इस बाबत एडीआईओएस डॉ. रामहजूर ने बताया कि कर्मचारियों को सूचना लेने के लिए केंद्रों को फोन करने के निर्देश हैं। सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग परीक्षा के दौरान हो रही है।
सुबह की पाली में पांच और शाम की पाली में एक रस्टीकेट
बोर्ड परीक्षा में शनिवार को छह नकलची रस्टीकेट किए गए। सुबह की पाली में नेहरू उमावि. प्रतापपुर हाईस्कूल विज्ञान के प्रश्न पत्र में केंद्र व्यवस्थापक ने एक छात्र को अनुचित साधन के साथ पकड़ा। गौतम इंटर कॉलेज पिपरा रामधर में सचल दल पांच के प्रभारी पीके शर्मा ने दो छात्राओं को पकड़ा। कर्मयोगी श्रीपति उमावि. घांटी में सचल दल सात के प्रभारी व लेखाधिकारी जगदीश श्रीवास्तव ने दो छात्राओं को पकड़ा। जनता इंटर कॉलेज बैकुंठपुर में परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी की जगह दूसरे को परीक्षा देते केंद्र व्यवस्थापक ने पकड़ा। शाम की पाली में जीवविज्ञान के पेपर में मंडल सचल दल की ओर से अपर सचिव माध्यमिक आराधना शुक्ला ने मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज भाटपाररानी में एक छात्र को अनुचित साधन के साथ पकड़ा।
दो केंद्रों के व्यवस्थापक हटाए गए
कर्मयोगी श्रीपति उमावि. घांटी में परीक्षा के दौरान अनियमितता के चलते केंद्र व्यवस्थापक अशोक राय को शनिवार को हटा दिया गया। उनकी जगह पर शिवविजय राघव तुलसी इंटर कॉलेज झरनाकुटी के प्रवक्ता सुधाकर मिश्र को नया केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया। फील्ड मार्शल जनरल मानिक शॉ इंटर कॉलेज नौतन हथियागढ़ में नया केंद्र व्यवस्थापक बंधुनाथ इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अरविंद तिवारी को बनाया गया है। इसके साथ ही दोनों अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को भी बदल दिया गया है।
एक केंद्र से अब तक सात परीक्षार्थी हो चुके हैं रस्टीकेट
भाटपाररानी। क्षेत्र के नेहरू इंटर कॉलेज फुलवरिया बंगरुआ परीक्षा केंद्र पर शनिवार की सुबह प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा में एक परीक्षार्थी को केंद्र व्यवस्थापक अभिषेक पांडेय ने नकल सामग्री के साथ पकड़कर रस्टीकेट कर दिया। अब तक इस केंद्र से सात नकलची पकड़े जा चुके हैं।