देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा बृहस्पतिवार को सम्पन्न हो गई। पूरी परीक्षा के दौरान महज एक छात्र नकल करते पकड़ा गया। इसे कक्ष निरीक्षक ने चिट के साथ पकड़ा था। वहीं परीक्षा में लगाए गए सचल दस्ते खाली हाथ रहे। छिटपुट दिक्कतों के बीच परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
बोर्ड परीक्षा पंजीकृत 116888 में से 107525 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 9363 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। इसमें हाईस्कूल 57780 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 4808 ने परीक्षा छोड़ दी। 52972 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत 59108 में से 4555 ने परीक्षा छोड़ दिया। 54553 ने परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के पहले दिन कुछ केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी रही। इन केंद्रों पर एक एक कक्ष निरीक्षक से काम लेना पड़ा। हालांकि कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों के प्रयास से कक्ष निरीक्षकों की उपलब्धता दूसरे दिन से सामान्य हो गई। पहले दिन इंटर हिन्दी परीक्षा में पैकेट में कम पेपर की शिकायत पर कुछ देर तक अफरा तफरी रही थी। हालांकि कंट्रोल रूम से अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद केंद्र व्यवस्थापकों ने पैकेट की ठीक से जांच किया। तब पैकेट के अंदर दो अन्य पैकेट मिले। इसमें पूरे पेपर थे। कहीं भी पेपर कम नहीं हुए। परीक्षा के बीच अंग्रेजी इंटर के दौरान आठ केंद्रों पर कैमरे बंद मिलने की शिकायत कंट्रोल से मिली। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को पत्र भेजकर स्पष्टीकरण देने और रिकार्डिंग भेजने को कहा। पूरी परीक्षा के दौरान केवल लखन जी इंटर कालेज में महज एक छात्र नकल करते पकड़ा गया। इसे कक्ष निरीक्षक ने पकड़ा। जिसे केंद्र व्यवस्थापक ने रस्टीकेट कर दिया था।