उन्नाव कांड पर गरमाई सियासत, सड़क पर विपक्ष
सयुस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर दिया धरना
सपा विधायक की गिरफ्तारी पर फूंका सरकार का पुतला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। उन्नाव कांड पर जिले की सियासत भी गरमा गई है। बुधवार को विपक्ष सड़क पर रहा। सयुस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर धरना दिया तो कांग्रेसियों ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठे। उधर, रामपुर में सपा विधायक अब्दुल्लाह आजम की गिरफ्तारी पर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंक विरोध जताया। सरकार पर विधायक के उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
सपा नेता विजय रावत ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। पहले आजम खान के विश्वविद्यालय में छापामारी कराई गई। अब उनके विधायक पुत्र को गिरफ्तार करा लिया गया। अगर विधायक को सरकार जल्द रिहा नहीं कराती है तो प्रदेश भर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में सयुस के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव, राजेश यादव, इंदल यादव, दिव्यांश श्रीवास्तव, पंकज वर्मा, मनोज यादव, इमरान खान, धनोज आदि शामिल रहे। इससे पूर्व सयुस और सछास के कार्यकर्ताओं ने विजय रावत के नेतृत्व में सुभाष चौक पर प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था देखकर को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश में अराजकता का माहौल हो गया है। हत्याओं और महिला उत्पीड़न की घटनाओं की बाढ़ प्रदेश में आ गई है। विरोध जताने वालों में इमामुद्दीन खान, दीपू यादव, रीतेश कुमार, कृष्णानंद यादव आदि शामिल रहे।
दुष्कर्म के आरोपी विधायक पर हो कार्रवाई
देवरिया। भारतीय सर्वजन पार्टी के अध्यक्ष अशोक निषाद ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पीड़ितों का इलाज सीबीआई की निगरानी में कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विधायक जेल में बैठे-बैठे हत्या करवा रहा है। पीड़ित परिवार को समाप्त करने पर तुला है। उन्होंने रेप पीड़ित को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रखा उपवास
देवरिया। उन्नाव में युवती के साथ हुए दुष्कर्म और जानलेवा हमले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष उपवास रखा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर पीड़िता के साथ न्याय करने की मांग की। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह राकेश ने कहा कि कानून व्यवस्था की दुहाई देकर सत्ता में आई भाजपा अपने वादे भूल गई है। पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है। लूट, हत्या, छिनैती की घटनाएं बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा अत्याचार बेटियों व महिलाओं को सहने पड़ रहे हैं। अपराधियों के भीतर कानून का भय नहीं है। मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं घट रही हैं। सरकार में बैठे लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। न्याय मांगने वालों पर पुलिस व सत्ता पक्ष के नेता जुल्म ढा रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष बिस्मिल्लाह लारी, पुरुषोत्तम नरायण सिंह, रामजी गिरि, वरूण राय, ऋषिकेश मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।