सदर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम से रेलवे ट्रैक पर उतरा ट्रक।स्रोत सोशल मीडिया
देवरिया। शहर के रेलवे मालगोदाम के पास शनिवार की रात में एक अनियंत्रित ट्रक रेलवे ट्रैक पर उतर गया, जिससें एक ट्रैक पर मालगाड़ियों का आवागमन बाधित हो गया। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद ट्रक को लाइन से हटाया गया। इसके बाद मालगाड़ियों का आवागमन शुरू हुआ। मामले में आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सदर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के रैक यार्ड में शनिवार रात में करीब 11 बजे खाद्य सामग्री से लदे ट्रक को ले जाने के लिए चालक ने स्टार्ट किया तो ट्रक अनियंत्रित हो गया और रेलवे ट्रैक पर उतर गया। चालक आननफानन में वाहन से नीचे कूद गया। उसने इसकी जानकारी रेलवे के मौजूद कर्मचारियों को दी। संयोग रहा कि इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी होते ही आरपीएफ प्रभारी आस मोहम्मद सहित अन्य कर्मी मौके पर पहुंच गए और सूचना आला अफसरों को दी। इस दौरान आने वाली मालगाड़ी को अहिल्यापुर और बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। दूसरे ट्रैक से यात्री गाड़ियों को रवाना किया जाता रहा।
करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद ट्रक को ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद मालगाड़ियों का आवागमन शुरू हुआ। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि अनियंत्रित ट्रक ट्रैक पर चला गया है। मामले में रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।