- प्रेमी ने खेत पर ही दम तोड़ दिया, घर वालों ने कर दिया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। रिश्ते के चाचा संग प्रेम करने का घर और समाज में विरोध देख खेत पर जहर खाने के बाद युवती लड़खड़ाते हुए अपने घर पहुंची। वहां घर वालों को बताया कि उसने जहर खाया है और इतना कहकर बेहोश हो गई। परिजन उसे लेकर बरहज सीएचसी पहुंचे, जहां डाक्टरों ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर युवक ने खेत पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार बरहज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक का पट्टीदारी की भतीजी से काफी समय से प्रेमप्रंसग चला आ रहा था। प्रेमप्रसंग के मामले को लेकर बहुत दिनों तक युवती के परिजन अनभिज्ञ बने रहे। कुछ दिन पहले परिजनों को इसकी भनक लगी तो युवती को काफी समझाने की कोशिश की। युवक को भी गलत आदत छोड़ देने की हिदायत दी। पर दोनों एक दूसरे से अलग होने को राजी नहीं थे। सोमवार को खेत पर जहर खा लिया। जहर खाने के कुछ देर बाद युवक खेत में गिर गया, जबकि युवती लड़खड़ाते हुए घर पहुंची। हालत नाजुक देख परिजनों ने पूछताछ किया तो उसने पूरी घटना को बताई। इस पर परिजनों के होश उड़ गए और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक के परिजन खेत पर पहुंचे तो युवक मृत हालत में पड़ा था। घटना के बाद परिजनों ने युवक का दाह संस्कार कर दिया। गांव में चर्चा है कि दोनों के प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहे थे। यहां तक की दोनों शादी करने को भी तैयार थे, लेकिन सामाजिक बंदिशों के कारण संभव नहीं था। एसओ जयशंकर मिश्र ने बताया कि एक युवती के जहर खाने से अस्पताल में मौत हो गई है। जबकि उसी गांव के एक युवक की भी मौत हुई है। मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।