देसही देवरिया। भटनी दादन गांव स्थित गैस एजेंसी पर मंगलवार की सुबह कतार में खड़े उपभोक्ता रसोई गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज हो गए। जिम्मेदारों के विरुद्ध नाराजगी जताते हुए पास के देवरिया-हेतिमपुर मुख्य मार्ग पर आ गए। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोग सड़क पर खड़े होकर एजेंसी मालिक और प्रशासन के विरुद्ध सड़क जामकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराकर आवागमन बहाल कराया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के भटनी दादन गांव स्थित शबीहा इंडेन गैस एजेंसी पर गैस लेने के लिए उपभोक्ता मंगलवार की सुबह चार बजे ही पहुंचकर कतार में खड़े हो गए। साढ़े नौ बजे के करीब उन्हें पता चला कि आज भी गैस सिलिंडर लेकर ट्रक नहीं आएगा। उपभोक्ताओं ने वहां कर्मचारियों से सवाल किया कि जब गाड़ी आज भी नहीं आने वाली है तो तीन दिन पहले पासबुक और सिलिंडर जमा कराकर आज क्यों बुलाया गया। बड़ी संख्या में नाराज उपभोक्ता देवरिया-हेतिमपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचे। एजेंसी मालिक और प्रशासन पर गैस वितरण ने कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामले को शांत कराया। एजेंसी मालिक से बात के बाद पुलिस ने उपभोक्ताओं को बताया कि रात में गैस सिलिंडर लेकर गाड़ी आएगी। इसके बाद नंबर के अनुसार गैस वितरित होगा। इस आश्वासन के बाद नाराज उपभोक्ता मान गए और घर लौट गए।
भटनी दादन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के नाराजगी का मामला संज्ञान में आने के बाद नायब तहसीलदार गंगाराम को मौके पर भेजा गया था।
- कृष्ण कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार देवरिया सदर।