मजार पर उम्मतियों का सैलाब उमड़ पड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर (ब्यूरो)। क्षेत्र के हिन्दू मुस्लिम आस्था के प्रतीक सैयद बाबा के मजार पर बृहस्पतिवार को सालाना उर्स का आयोजन हुआ। इस दौरान मजार पर उम्मतियों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने सैयद बाबा की मजार गागर और चादर चढ़ा कर दुआ मांगी। नगर के कई अखाड़ों से युवक गागर और चादर के साथ तिरंगा झंडा लेकर नारा बुलंद करते हुए माहीगंज और तिवई स्थित मजार पर पहुंचे।
सुबह नौ बजे से ही क्षेत्र के कोने कोने से लोग मजार पर पहुंचने लगे। नगर के विभिन्न अखाड़ों के लोगों ने मजार पर चादर चढ़ाया। मेले में आए हजारों लोगों ने मनोकामना पूर्ण होने के बाद मजार पर मलीदा चढ़ा कर परिवार और मुल्क के सलामती की दुआ मांगी। महिला, पुरुषों और बच्चों की लगी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से लगा रहा। मेले में अंजुमन इस्लामियां कमेटी, गुलशने मदीना क्लब भरटोला वार्ड, थ्री स्टार कमेटी आदर्श चौराहा, न्यू इस्लामियां कमेटी ने गागर और चादर चढ़ाई।