गोरखपुर के उमाशंकर ने मारी बाजी, दूसरे स्थान पर रहे अभिषेक
पैकाली/देवरिया। पवहारी महाराज राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता सोमवार को आयोजित हुई। इसमें गोरखपुर के उमाशंकर यादव प्रथम स्थान पर रहे। दूसरे स्थान पर जिले के भेड़ापाकड़ निवासी अभिषेक कुमार और गोरखपुर के पिंटू चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। पैकौली-सुरौली चौराहे से शुरू हुई क्रॉस कंट्री रेस में यहां के अलावा बनारस, जौनपुर, बस्ती, गोरखपुर आदि जनपदों के धावकों ने हिस्सा लिया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व एथलेटिक्स के प्रशिक्षक निर्मल कुमार शाही ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता शुरू कराई। वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, खलीलाबाद व जिले के विभिन्न हिस्सों से आए कुल 21 धावकों ने इसमें हिस्सा लिया। पैकौली सुरौली चौराहे से रेस की शुरूआत हुई, जो मझगांवा, सिंगही, बहोरवा, हरैया, कतरारी होते हुए मंगरु चौराहे पर पहुंची। वहां से वापस पुन: पैकौली सुरौली चौराहे पर पहुंचकर धावकों ने निर्धारित 10 किलोमीटर की रेस को पूरा किया। गोरखपुर के उमाशंकर यादव ने सभी को पछ़ाड़ते हुए 30.12 मिनट में रेस पूरा कर प्रथम स्थान पाया। देवरिया के भेड़ापाकड़ निवासी अभिषेक कुमार दूसरे, पिंकू चौधरी गोरखपुर तीसरे, बृजेश यादव वाराणसी चौथे, वीरेंद्र यादव जौनपुर पांचवें, सूरज यादव खलीलाबाद छठवें स्थान पर रहे।
रेस पूरी करने वाले सभी धावकों को मिला सांत्वना पुरस्कार
पहले 10 स्थानों पर रहे सभी विजेता धावकों को टीवी, साइकिल, पंखा, रूम हीटर, मिक्सर, हेलमेट, ट्रैक शूट, घड़ी, प्रेस, पानी गर्म करने की रॉड आदि पुरस्कार में दिए गए। रेस पूरी करने वाले सभी धावकों को आयोजकों की ओर से सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि निर्मल कुमार शाही ने कहा कि अभिभावक अपने पाल्यों की शिक्षा के साथ ही उन्हें किसी न किसी खेल में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। विशिष्ट अतिथि हरेंद्र जायसवाल ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हर गांवों में मिनी स्टेडियम की सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस दौरान प्रेम कुशवाहा, बाबूराम यादव, नंदलाल जायसवाल, रवि मिश्रा, राजू शाही, जयश्री यादव, विजयशंकर यादव, अरविंद शाही, अजय शाही, इद्रीश अंसारी सहित आयोजक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।