मृतक बाएं विकास और शुभम। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
देवरिया जिले के महुआडीह थानाक्षेत्र के धमउर गांव के दो युवकों की बृहस्पतिवार देर रात कुशीनगर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक सवार तीसरे युवक की भी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
महुआडीह थानाक्षेत्र के धमउर गांव के तीन युवक शुभम यादव (20), पुत्र परमात्मा यादव, विकास यादव (19), पुत्र रामायन यादव और संदीप (21), पुत्र उमेश बृहस्पतिवार को एक ही बाइक से हाटा की तरफ किसी काम से गए थे। रात नौ बजे के करीब तीनों युवक वापस लौट रहे थे।
कुशीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाटा कोतवाली के पगरा गांव के पास एक चारपहिया गाड़ी ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई। तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। अभी वह संभल पाते कि उसी समय पीछे से आ रही एक ट्रक ने तीनों को रौंद दिया।
इसमें शुभम और विकास की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप खरवार को हाटा सीएचसी भेजवाया। जबकि प्रदीप की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने पड़रौना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन वहां से कसया एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उसका इलाज करा रहे हैं। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, दोनों युवकों के मौत की जानकारी होते ही दोनों परिवारों सहित पूरे गांव में हड़कंप मच गया। शुभम तीन भाइयों में दूसरे नंबर था। बड़े भाई भोलू एवं सबसे छोटे भाई दिव्यांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं विकास दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई विशाल सहित पूरा परिवार बदहवास है।