देवरिया। कसया रोड स्थित बाटी-चोखा रेस्टोरेंट में रविवार की रात दो युवकों ने नशे में उत्पात मचाया। रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों की पिटाई की। इससे ग्राहकों में अफरातफरी मचईगइ। रेस्टोरेंट संचालक वेद प्रकाश राय ने सोमवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है। संचालक की तहरीर के अनुसार, तीन अगस्त की रात करीब 8:45 बजे दो युवक रेस्टोरेंट में घुस आए। भीड़ होने के कारण कई ग्राहक ऑर्डर के इंतजार में बैठे थे।
विज्ञापन
नशे में धुत दोनों युवकों ने इंतजार कर रहे ग्राहकों से अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। संचालक के मुताबिक, जब इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें और कर्मचारियों को बाहर खींचकर पीटने लगे तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान रेस्टोरेंट में अफरातफरी का माहौल बन गया और कई ग्राहक डर के कारण वहां से चले गए। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। संचालक ने पुलिस को रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज में कैद दो युवकों की तस्वीरें भी सौंपी हैं।
कोतवाली पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।