देवरिया। बड़े शहरों में प्रॉपर्टी खरीदवाने और समूह में रुपये जमा करने के नाम पर दो महिलाओं ने शहर के करीब 40 लोगों से 6.50 करोड़ रुपये ठग लिए। कई दिनों से जालसाजी करने वाली महिलाओं की तलाश में जुट लोगों ने बृहस्पतिवार की देर शाम उन्हें पकड़कर कोतवाली पुलिस को साैंप दिया। मामले में चार लोगों ने पुलिस को तहरीर दी है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के अनुवापार गांव निवासी एक महिला शहर में किराए का कमरा लेकर काफी समय से रहती है। यहां पर उसने कई महिलाओं से दोस्ती कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला ऐसे लोगों के घरों से संबंध बनाती थी, जिनके पास काफी रुपये थे और उनके पति बाहर नौकरी करते हैं। करीब तीन साल के भीतर किसी से दस तो किसी पंद्रह लाख रुपये गोरखपुर, लखनऊ और देवरिया में जमीन खरीदवाने के नाम पर वसूल लिए। कुछ महिलाओं से समूह में रुपये जमा कर ब्याज के साथ लौटाने का झांसा देकर जमा करा लिया। इसके बाद जब लोगों को जमीन नहीं मिली तो रुपयों का तगादा करने लगे। इस पर महिला छिपकर रहने लगी। रुपये गवां चुके लोग महिला के मायके और ससुराल जाते थे तो उसका कहीं पता नहीं चलता था। शाम को कुछ लोगों उसे शहर की न्यू काॅलोनी में देख लिया और पकड़ कर कोतवाली लेकर पहुंच गए।
ठगी करने वाली महिलाओं के पकड़े जाने की सूचना पर जालसाजी के शिकार हुए अन्य लोग भी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि न्यू काॅलोनी की एक महिला को साढ़े तीन करोड़ रुपये दिए हैं और रुपये उसके बैंक खाते में मौजूद हैं। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि महिला ने साढ़े छह करोड़ रुपये लोगों के हड़प लिए हैं। तहरीर मिली है, दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।