अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक जिप्सी से 603 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद किया। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्कर शराब को बिहारी ले जा रहे थे।
बनकटा थाना प्रभारी शुक्रवार की रात अपनी टीम के साथ रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सफेद रंग की एक जिप्सी आती दिखी। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। यह देख सुरक्षा कर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी में छिपा कर रखी गई हरियाणा निर्मित 603 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम व पता सागर पुत्र अतर सिंह निवासी आहुलाना थाना गन्नौर, सोनीपत, हरियाणा, अमन पुत्र अनिल कुमार निवासी मियाबली नगर, नई दिल्ली बताया। पुलिस के अनुसार तस्करों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चेकिंग के दौरान 95 वाहनों का चालान
देवरिया। जनपद में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र के निर्देश पर संदिग्ध वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें विभिन्न थानों की पुलिस ने चेकिंग के दौरान 95 वाहनों का ई-चालान किया और 97 हजार जुर्माना लगाया।