फोटो कैप्शन भाटपार रानी थाना में गिरफ्तार पशु तस्कर व टाटा मैजिक, स्रोत पुलिस
देवरिया। जनपद में गोवंश तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भाटपार रानी पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन गोवंशीय पशुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक टाटा मैजिक वाहन भी कब्जे में लिया है। मामले में पुलिस दोनों तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच में तस्करों के खिलाफ पहले से गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा आयुध अधिनियम समेत कई आपराधिक मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना भाटपार रानी पुलिस सोमवार को संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि एक मैजिक में तस्करों ने पशु लादकर तस्करी के लिए बिहार लेकर जा रहे हैं। मामला को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने विशुनपुर रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक टाटा मैजिक वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन पर तीन गोवंशीय पशु (एक गाय व दो बछड़े) लदे मिले। पुलिस ने पशुओं को कब्जे में लेते हुए वाहन सवार दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय यादव पुत्र नगीना यादव निवासी फरछुआ थाना मैरवा, जनपद सिवान (बिहार) तथा मदन अंसारी पुत्र बाबूलाल अंसारी निवासी पुरैना थाना खामपार, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भाटपार रानी में धारा गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
........
दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विजय यादव पर गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा आयुध अधिनियम समेत कई आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। वहीं मदन अंसारी पर भी आयुध अधिनियम, गोवध अधिनियम एवं गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने बरामद गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
कोट.........
पशु तस्करी को लेकर जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बिहार बॉर्डर पर पुलिस सख्ती बढ़ा दी गई है। किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार को भाटपार रानी पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सुनील कुमार सिंह, एडिशनल एसपी, दक्षिणी देवरिया