बिना नंबर प्लेट का चार पहिया वाहन बरामद, बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज/भलुअनी।
देवरिया-बरहज मार्ग पर करमटार गंगा गांव के निकट बुधवार देर शाम भलुअनी पुलिस ने करीब 1.15 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को दबोच लिया। हालांकि चार अन्य तस्कर चकमा देकर भागने में सफल रहे। मौके से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की चार पहिया गाड़ी, मोबाइल और नगदी भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, भलुअनी पुलिस रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने फोन पर देवरिया-बरहज के रास्ते मादक पदार्थ की खेप ले जाए जाने की सूचना दी। इस पर पुलिस ने करमटार गंगा मोड़ पर घेराबंदी कर दी। तभी चार पहिया वाहन से कुछ लोग आते दिखाई दिए। सामने पुलिस को देख सभी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, जिनमें से दो को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि चार भाग निकले। पुलिस के अनुसार बिना नंबर प्लेट के चार पहिया वाहन के अलावा पकड़े गए लोगों के पास से करीब छह किलो चरस, 450 ग्राम ब्राउन सुगर, चार मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नगद बरामद हुए।
सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान बिहार के सीवान जिले के थाना रघुनाथपुर के सांठी गांव निवासी अभिषेक चतुर्वेदी और आंदर थाना के नरेंद्रपुर गांव के अमृतांशु उर्फ सन्नी सिंह के रूप में हुई है। दोनों का चालान कर दिया गया। उनसे पूछताछ के बाद इनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।