देवरिया। सोनूघाट पर वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस ने बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित 310 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के साथ मौके से पैना थाना बरहज निवासी 47 वर्षीय तैय्यब और अहलादपुर मर्करी थाना रुद्रपुर निवासी 45 वर्षीय सुशील सिंह को गिरफ्तार किया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस सोनूघाट पर मंगलवार को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिरपाल से ढके एक ट्रक की जांच की गई। ट्रक में सफेद बोरियों में डस्ट लदी थी।
पुलिस ने जांच की तो डस्ट के नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं। पुलिस के अनुसार शराब बिहार ले जाई जा रही थी। बरामद शराब चंडीगढ़ निर्मित है। कोतवाली पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बघौचघाट संवाद के अनुसार मस्जिदिया गांव में मंगलवार को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया। आबकारी निरीक्षक सदर सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने छोटी मुसटोली और बड़ी मुसटोली में दबिश देकर छह लोगों को गिरफ्तार किया
दबिश के दौरान 30 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ 300 किलो लहन भी पकड़ा। बरामद लहन को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। इस दाैरान कच्ची शराब के धंधे में शामिल राम मूरत मंडल (32), सुनील प्रजापति (20), रामदयाल (50), सीता मंडल (50), बादामी मंडल (30) और अनीता मंडल (32) गिरफ्तार किया गया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर बघौचघाट थाने में आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस कार्रवाई से अवैध शराब के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया।